मेजर जनरल सुरेश खजूरिया जी को चुना गया सर्वहितकारी शिक्षा समिति का प्रांतीय अध्यक्ष प्रोफेसर नवदीप शेखर बने महामंत्री – हम सबको मिलकर सर्वहितकारी शिक्षा समिति को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाना है – मेजर जनरल सुरेश खजूरिया
समाज में अंनत शक्ति है, आवश्यकता है कि हम विद्या भारती का विचार लेकर समाज में जाएं – विजय नड्डा
समाज की प्रत्येक समस्या का समाधान विद्या मंदिर द्वारा हो – शिव कुमार, राष्ट्रीय मंत्री विद्या भारती
विद्या भारती पंजाब की संपन्न हुई साधारण सभा में मेजर जनरल सुरेश खजूरिया जी को तीन वर्षों के लिए चुना गया सर्वहितकारी शिक्षा समिति का प्रांतीय अध्यक्ष
25 जुलाई, विद्या धाम, जालंधर | ‘सभी ने सर्वहितकारी शिक्षा समिति, पंजाब के अध्यक्ष के रूप में मुझे चुनकर जो विश्वास मेरे ऊपर दिखाया है, उसके लिए मैं आप सबका आभारी हूँ | जो दायित्व विद्या भारती पंजाब ने मुझे दिया है उसका निर्वाह मैं तन, मन और धन से करूंगा | हम सबको मिलकर सर्वहितकारी शिक्षा समिति को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है |’ ये ओजस्वी शब्द विद्या भारती पंजाब के नव निर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष मेजर जनरल सुरेश खजूरिया ने 24 जुलाई को विद्या धाम में आन लाइन कहे |
उल्लेखनीय है कि 24 जुलाई को प्रातः11 बजे सर्वहितकारी शिक्षा समिति के मुख्यालय विद्या धाम में प्रांतीय साधारण सभा का आयोजन जयदेव बातिश की अध्यक्षता में किया गया | सर्वहितकारी शिक्षा समिति संविधान के अनुसार तीन वर्षों के उपरांत प्रांतीय अध्यक्ष का चुनाव किया जाता है | फिर निर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष द्वारा सभी से विचार विमर्श कर प्रांतीय कार्यकारिणी की घोषणा की जाती है | इस साधारण सभा में पंजाब के कोने कोने से आए 200 से भी अधिक सदस्यों ने ने अध्यक्ष का चुनाव किया |
चुनाव से पूर्व सर्वप्रथम जो आत्माएं इस दौरान हमसे बिछड़ गई हैं, उनकी आत्मा की शांति हेतु एक मिनट का मौन रखा गया | महामंत्री अशोक अशोक बब्बर ने पिछली साधारण सभा की कार्यवाही सभा पटल के समक्ष पढ़कर सुनाई जिसे सभा ने ॐ ध्वनि से पारित किया | इसी सत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक नरेन्द्र कुमार ने कहा कि विद्या मंदिरों का वातावरण संस्कारक्षम होना चाहिए | विद्या मंदिर में प्रवेश करते ही भारतीयता की झलक दिखनी चाहिए |
आगे उन्होंने कहा कि भारत को जानो, भारत को मानो, भारत के बनो और भारत को बनाओ | इस साधारण सभा के दूसरे सत्र में शिक्षा समिति के वित्त सचिव और विद्या धाम प्रान्त कार्यालय के प्रभारी विजय ठाकुर ने सत्र 20 21 – 22 का आय-व्यय विवरण और 20 22-23 का बजट सभा के सामने पेश किया जिसे चर्चा के उपरांत ॐ ध्वनि के साथ पारित किया गया | तीसरे सत्र में वर्तमान अध्यक्ष जयदेव बातिश ने वर्तमान कार्यकारिणी की समय अवधि पूर्ण हो जाने के कारण इसे भंग करने की घोषणा की | विद्या भारती की लोकतांत्रिक परंपरा के अनुसार तुरंत नए अध्यक्ष का चुनाव करना था |
इसी तथ्य को ध्यान में रखते हुए विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री विजय नड्डा ने चुनाव प्रक्रिया को पूर्ण करने हेतु विद्या भारती पंजाब के प्रमुख कार्यकर्ता भीखी के डा.यशपाल सिंगला को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया | अध्यक्ष पद के चुनाव हेतु यशपाल सिंगला ने सभा से नाम मांगे | इस पर अशोक बब्बर ने ‘मेजर जनरल सुरेश खजूरिया’ के नाम का प्रस्ताव रखा | जिसका अनुमोदन मालेरकोटला के रवीन्द्र बधावन, चंडीगढ़ के बी.एस. कंवर, रामपुराफूल के देवेन्द्र और संगरूर के सुरेश सिंगला ने किया |
चुनाव अधिकारी द्वारा किसी अन्य नाम का प्रस्ताव तीन बार मांगने पर भी किसी अन्य नाम का प्रस्ताव न आने पर सर्वहितकारी शिक्षा समिति के अध्यक्ष हेतु पठानकोट के ‘मेजर जनरल सुरेश खजूरिया’ को अध्यक्ष घोषित कर दिया गया | नव निर्वाचित अध्यक्ष मेजर जनरल सुरेश खजूरिया की अनुमति से विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के महामंत्री देशराज शर्मा ने नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की जिसमें मुख्य नाम इस प्रकार हैं – संरक्षक – जयदेव बातिश और कमलकांत ऐरी, उपाध्यक्ष – सुभाष महाजन, डा. रेखा कालिया और सुरेश सिंगला, महामंत्री – नवदीप शेखर, मंत्री – चन्द्रहास गुप्ता और वित्त मंत्री विजय ठाकुर | इसी सत्र में विजय नड्डा ने मार्गदर्शन करते हुए कहा कि अपने अध्यापकों को अधिक से अधिक मानधन(वेतन) दिया जाए ताकि उनकी आर्थिक सुरक्षा बनी रहे |
मात्र छात्रों की फीस से ही यह संभव नहीं हो सकता | इस हेतु हमें छात्रों की फीस के अतिरिक्त भी समाज से आर्थिक संसाधन एकत्रित करने होंगे | आगे उन्होंने कहा कि समाज में अनंत शक्ति है | सर्वहितकारी शिक्षा समिति का विचार समाज में ले जाने की आवश्यकता है | इस साधारण सभा में मार्गदर्शन हेतु आए विद्या भारती के राष्ट्रीय मंत्री डा.शिव कुमार ने कहा कि हमें अपने लक्ष्य तक पहुँचने के लिए इन चार बिन्दुओं का ध्यान रखना चाहिए – साधक, साधना, साधन और साध्य |
आगे उन्होंने कहा कि इन बिन्दुओं के आधार पर हम ऐसे विद्या मंदिर का निर्माण करें जिसमें समाज की प्रत्येक समस्या का समाधान निहित हो | इस साधारण सभा के विभिन्न सत्रों में अपने उत्कृष्ट कार्यों हेतु कार्यकर्ताओं को 11 हजार रुपए नकद राशी, शाल, प्रशस्ति पत्र व श्रीफल डाकर सम्मानित भी किया गया | गणित में उत्कृष्ट कार्य हेतु बरनाला से अंजना मित्तल, संगरूर के अजय, नाभा के धनेन्द्र कुमार, मलोया चंडीगढ़ के शैलजा शर्मा और 40 डी चंडीगढ़ के ज्योति तिवारी | संस्कृत में उत्कृष्ट कार्य हेतु तलवाड़ा के कपिल शर्मा, खनौरी के राजेश, विशाल और बुधियाराम | इसके अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने वाले धीरज वशिष्ठ और हर्ष झांझी को भी सम्मानित किया गया |
इसके अतिरिक्त साधारण सभा पुस्तिका और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार बनाई गई 7 पुस्तकों का विमोचन भी किया गया | इस साधारण सभा बैठक में विद्या भारती पंजाब के मंत्री सुदेश ठाकुर के सहयोग से निर्मित ई साइकिल, कौशल विकास विभाग की ओर से विभिन्न विद्या मंदिरों द्वारा निर्मित आचार, रत्तेवाल में स्थित कौशल विकास केंद्र में निर्मित गमलों और दियों के प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही |
#vidyabhartipunjab

Facebook Link : Click Here




Share it :

Leave a Comment